DMRC
नई दिल्ली (24 जून 2026) सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर के लिए डीएमआरसी दिल्ली मेट्रो रेल निगम (दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन) ने केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। यह स्टेशन पांचवें चरण (ए) के तहत मौजूदा मैजेंटा लाइन के विस्तार के रूप में जनकपुरी पश्चिम से आर के आश्रम मार्ग तक विकसित किया जा रहा है। इस अवसर पर केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य और विद्युत मंत्री मनोहर लाल, सचिव मोहुआ और दिल्ली मेट्रो रेल निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
केंद्रीय सचिवालय स्टेशन एक ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन बन जाएगा, जहां नया मैजेंटा लाइन स्टेशन मौजूदा येलो लाइन और वायलेट लाइन से निर्बाध रूप से जुड़ जाएगा। यह विशिष्ट सुविधा सरकारी कर्मचारियों और लुटियंस जोन तथा आसपास के प्रशासनिक जिलों में आने-जाने वाले यात्रियों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी।
यह कॉरिडोर 9.913 किलोमीटर लंबा है। इसमें नौ भूमिगत स्टेशन हैं, जिनमें शिवाजी स्टेडियम, युग युगीन भारत, केंद्रीय सचिवालय, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, युद्ध स्मारक-उच्च न्यायालय, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम और इंद्रप्रस्थ।
यह परियोजना नई दिल्ली के केंद्र तक कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो प्रमुख सरकारी कार्यालयों, न्यायिक संस्थानों, राष्ट्रीय स्मारकों और सम्मेलन स्थलों तक सुगम पहुंच प्रदान करती है, साथ ही समग्र नेटवर्क दक्षता और यात्री सुविधा को बढ़ाती है।