मुख्य सचिव ने किया प्राधिकरण के स्टॉल का शुभारंभ व निरीक्षण
GRENO
ग्रेटर नोएडा(14 नवंबर2026) राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान में भारत मंडपम में शनिवार से शुरू हुए भव्य अंतरराष्ट्रीय ट्रेड फेयर में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई है। उत्तर प्रदेश पवेलियन के तहत लगाए गए प्राधिकरण के स्टॉल का शनिवार को प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल ने विधिवत शुभारंभ और निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टॉल पर प्रदर्शित विकास परियोजनाओं का बारीकी से अवलोकन किया और ग्रेटर नोएडा के आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर व निवेश के अनुकूल माहौल की जमकर सराहना की।
निरीक्षण के समय ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने मुख्य सचिव को शहर में चल रहे प्रमुख विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं से विस्तारपूर्वक अवगत कराया।
मेगा प्रोजेक्ट्स और निवेश के अवसरों की झलक
दो सप्ताह तक चलने वाले इस ट्रेड फेयर के माध्यम से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण देश-विदेश के उद्यमियों को शहर की औद्योगिक और बुनियादी ढांचे की ताकत से रूबरू करा रहा है। स्टॉल पर निवेशकों के आकर्षण के लिए कई प्रमुख परियोजनाओं को प्रदर्शित किया गया हैजिनमें ‘इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप (IITGNL): विश्वस्तरीय औद्योगिक सुविधाओं से लैस टाउनशिप की रूपरेखा।
कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स: मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब और मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक हब जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं।
निवेश योजनाएं: उद्यमियों के लिए उपलब्ध व्यावसायिक, औद्योगिक और संस्थागत भूखंड योजनाओं की संपूर्ण जानकारी।
देश के प्रमुख औद्योगिक हब के रूप में उभर रहा ग्रेटर नोएडा
एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने मुख्य सचिव को बताया कि ग्रेटर नोएडा आज औद्योगिक निवेश के एक प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है और आने वाले वर्षों में यह और भी बड़े व्यावसायिक हब के रूप में उभरेगा। उन्होंने कहा कि सुनियोजित विकास और बेहतरीन टाउन प्लानिंग ग्रेटर नोएडा को देश के अन्य शहरों से अलग बनाती है। एसीईओ ने ट्रेड फेयर में आने वाले सभी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों से अपील की है कि वे उत्तर प्रदेश पवेलियन स्थित ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के स्टॉल पर जरूर आएं और यहां उपलब्ध निवेश की असीम संभावनाओं का लाभ उठाएं।