बारापुला फेज-3 का शुभारंभ
New Delhi
नई दिल्ली (29 सितंबर 2026) यातायात व्यवस्था को राजधानी दिल्ली में सुगम बनाने और बुनियादी ढांचे को मजबूती देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने दिल्लीवासियों के सफर को आसान और बाधा रहित बनाने के लिए 1,941 करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
इस सौगात में सबसे प्रमुख 1,635 करोड़ की लागत से तैयार हुआ बारापुला एलिवेटेड रोड फेज-3 है, जिसे गृह मंत्री ने जनता को समर्पित किया। इसके शुरू होने से पूर्वी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली के बीच सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी स्थापित होगी, जिससे रोजाना सफर करने वाले लाखों लोगों को भीषण ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और यात्रा के समय में भारी बचत होगी।
नए फ्लाईओवर्स और अंडरपास की रखी नींव
राजधानी के अन्य व्यस्त मार्गों पर आवाजाही को बेहतर करने के उद्देश्य से गृह मंत्री ने मोदी मिल-सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर और लोनी अंडरपास का भी शिलान्यास किया। इन नई परियोजनाओं के पूरा होने से स्थानीय स्तर पर लगने वाले जाम से निजात मिलेगी और राजधानी के अलग-अलग कोनों के बीच आवागमन पहले से कहीं अधिक तेज व सुरक्षित हो सकेगा।