Malviya Nagar Hotel Fire प्रस्तावनाः
राजधानी दिल्ली का मालवीय नगर इलाका अमूमन अपनी व्यस्तता, बाजारों की रौनक और रिहायशी चहल-पहल के लिए जाना जाता है। लेकिन बीती सुबह यहाँ ऐसा खौफनाक मंज़र देखने में आया , जिसने हर संवेदनशील दिल को झकझोर कर रख दिया। एक स्थानीय होटल में अचानक भड़की भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। चारों तरफ चीख-पुकार, आंखों को अंधा कर देने वाला काला धुआं और जान बचाने की जद्दोजहद थी। इस भीषण हादसे ने जहाँ एक तरफ हमें अपनों को खोने का कभी न भरने वाला जख्म दिया, वहीं दूसरी तरफ दिल्ली के आम नागरिकों ने बहादुरी और इंसानियत की एक ऐसी इबारत लिख दी, जो सदियों तक समाज का मार्गदर्शन करती रहेगी।
अपनों की तीमारदारी और यह विपदा
इस हादसे की सबसे दर्दनाक और कहानी उन परिवारों से जुड़ी है, जो पहले से ही जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे अपने प्रियजनों के लिए परेशान थे। होटल में रुके हुए अधिकतर लोग पास के ही मैक्स अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों के सगे-संबंधी थे।
सोचिए उस बेबसी को, जहाँ एक परिवार दूर-दराज के इलाके से अपने किसी प्रियजन का इलाज कराने दिल्ली आता है। जहां अस्पताल के खर्चों, मरीज की सेहत की चिंताओं और मानसिक तनाव से पहले ही घिरे हुए थे। उनके लिए यह होटल सिर्फ ठहरने की जगह नहीं, बल्कि संकट के समय एक अस्थाई आशियाना था। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। जहाँ एक तरफ वे अपने मरीज को लेकर परेशान थे, आमतौर पर अपने मरीज के साथ अस्पताल में एक तीमारदार होता है वह रात भर का जागा हुआ होता है, सुबह वह कुछ देर आराम करने होटल या किसी के फ्लैट थककर सो जाता है, वहीं अचानक भड़की इस आग ने उन पर मुसीबतों का एक ऐसा पहाड़ तोड़ दिया जिसकी कल्पना भी किसी ने नहीं की थी।
इस अग्निकांड में अपने मरीज को देखने आए एक ही परिवार के आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। एक पूरा का पूरा हंसता-खेलता परिवार इस आग की लपटों और धुएं के गुबार में विलीन हो गया। अस्पताल के बिस्तर पर पड़े मरीज को क्या पता था कि बाहर उसकी सलामती की दुआएं मांगने वाले उसके अपने ही अब इस दुनिया में नहीं रहे। इसतरह की किसी कल्पना से ही हम सिंहर जाते हैं लेकिन इन लोगों पर यह विपदा आई, जिसने व्यवस्था और किस्मत दोनों पर गहरे सवाल खड़े कर दिए है।
स्थानीय नागरिकों की सजगता और समझदारी
जैसे ही होटल से धुएं का गुबार और आग की लपटें उठती दिखीं, इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सरकारी तंत्र अपनी गति से काम करता है, लेकिन ऐसी आपदाओं में हर एक सेकंड कीमती होता है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत मोर्चा संभाला। अग्निशमन विभाग (फायर ब्रिगेड) और पुलिस प्रशासन को स्थानीय लोगों ने ही फोन पर तत्काल सूचना दी।
जब तक दमकल की गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंचते, तब तक आग की विभीषिका बढ़ चुकी थी और लोग अंदर फंसे हुए थे। ऐसे नाजुक वक्त में स्थानीय निवासियों ने सरकारी मदद का इंतजार करने के बजाय खुद को बचाव कार्य में झोंक दिया। यह इस बात का प्रमाण है कि संकट के समय हमारी नागरिक चेतना कितनी सजग और जीवंत हो उठती हैउसमें कोई भेदभाव नहीं किसी धर्म का ठप्पा या किसी दिखावे की गुंजाइश नहीं हर नागरिक अपने फर्ज को जानता है। उसका एक मात्र मूलमंत्र है कि मैं किसी के काम सकूं।
गद्दों की दुकान के मालिक की समझ को सलाम
इस पूरी त्रासदी के बीच कुछ ऐसे नायक उभरकर सामने आए, जिनकी कहानी आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी। होटल के ठीक सामने गद्दों का एक शोरूम था। जब मालिक ने देखा कि होटल की ऊपरी मंजिलों पर लोग फंसे हुए हैं, खिड़कियों से कूदने की कोशिश कर रहे हैं और नीचे कंक्रीट की सख्त सड़क है, तो उसने एक पल की भी देरी नहीं की।
शोरूम के मालिक ने बिना यह सोचे कि उसके नए गद्दे सस्ते हैं या महंगे, उन्हें तुरंत शोरूम से बाहर निकालना शुरू किया। उसने अपने नए और कीमती गद्दे सड़क पर बिछा दिए। व्यापारिक लाभ-हानि से ऊपर उठकर लिया गया यह फैसला कई जिंदगियों के लिए वरदान साबित हुआ। ऊपरी मंजिलों से जान बचाने के लिए कूदे कई लोग इन गद्दों पर गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें नहीं आईं और वे सुरक्षित बच गए।
“गद्दे बिछाने वाले शोरूम के मालिक ने बिना यह देखे कि उसकी संपत्ति का क्या होगा, एक मजबूर और पीड़ित को बचाने के लिए उन्हें सड़क पर बिछाकर कई लोगों को मरने और घायल होने से बचाया। यह इस बात का जीता-जागता सबूत है कि जब बात जान बचाने की हो, तो भौतिक चीजें बेमानी हो जाती हैं।”
देवदूत बनकर आए स्थानीय युवक
भारत की असली ताकत उसकी साझी संस्कृति और आपसी भाईचारे में है, और इस हादसे ने इस सच को एक बार फिर दुनिया के सामने ला दिया। इस भीषण हादसे के दौरान अपनी जान की बाजी लगाकर होटल में घुसने वाले और लोगों की मदद करने वाले अधिकतर स्थानीय मुस्लिम युवक थे।
जब अंदर फंसे लोग अपनी आखिरी सांसें गिन रहे थे, तब इन युवाओं ने यह नहीं पूछा कि अंदर फंसे व्यक्ति का नाम क्या है या उसका धर्म क्या है। उनके सामने सिर्फ तड़पते हुए इंसान थे और उनकी रगों में दौड़ रहा था इंसानियत का जज्बा। उन्होंने धुएं के बीच से लोगों को निकाला, उन्हें अपनी पीठ पर लादकर सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाया।
इतना ही नहीं, जब लोगों को बाहर निकाला गया, तो उनमें से कई धुएं के कारण बेहोश हो चुके थे और उनकी सांसें थमने की कगार पर थीं। स्थानीय युवाओं ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और धुएं से बेहोश हुए लोगों को वहीं सड़क पर लिटाकर सीपीआर (Cardiopulmonary Resuscitation) देना शुरू किया। मुंह से सांस दी, छाती को पंप किया और तब तक हार नहीं मानी जब तक उनकी सांसें वापस नहीं लौट आईं। इस त्वरित प्राथमिक उपचार की वजह से कई लोगों को नई जिंदगी मिली। जिन लोगों को डॉक्टर मृत समझ सकते थे, उन्हें इन नौजवानों के प्रयास और ईश्वर की कृपा ने पुनर्जीवन दे दिया।
एक भारतीय होने का गर्व
इस घटना ने यह साबित कर दिया कि एक आम नागरिक कभी यह नहीं देख सकता कि किसी के घर में आग लगी हो या कोई तड़प रहा हो, और वह एक मूकदर्शक की तरह खड़ा देखता रहे। तमाशबीन बनना हमारी संस्कृति का हिस्सा कभी नहीं रहा।
हमारे देश का इतिहास और वर्तमान गवाह है कि यहाँ का हर नागरिक किसी की जान बचाने के लिए अपनी जान को जोखिम में डालने से कभी नहीं डरता। चाहे बाढ़ हो, भूकंप हो या ऐसा कोई अग्निकांड, वर्दी वाले जवानों के पहुंचने से पहले देश के आम नागरिक ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर’ (प्रथम सहायक) बनकर खड़े हो जाते हैं। मालवीय नगर की तंग गलियों में उस दिन जो हुआ, वह भारत की इसी मूल आत्मा का वह चेहरा था जिसने सारे विश्व में अपना लोहा मनवाया, जहाँ अपनी जान की परवाह किए बिना लोग आग की लपटों की तरफ दौड़ पड़े।
इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं
मालवीय नगर के इस भीषण हादसे ने जहाँ हमें इक्कीस मासूम जिंदगियों के जाने का गहरा सदमा दिया, लेकिन एक गौर्वान्वित करने वाला सच समाज के सामने पर फिर पेश कर दिया “इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं होता।”
आग की उठती हुई लपटें , मजहब देखकर नहीं जलतीं, इसी तरह मदद के लिए बढ़ा हुआ हाथ भी धर्म का चश्मा पहनकर नहीं बढ़ता। शोरूम के मुस्लिम मालिक का गद्दे बिछाना, मुस्लिम युवकों का सीपीआर देकर लोगों की थमती सांसों को वापस लाना और स्थानीय लोगों का एकजुट होकर प्रशासन की मदद करना ही इस बात का साफ संदेश है कि हम धर्म, जाति और वर्ग की दीवारों से कहीं ऊपर एक संवेदनशील मानव समाज हैं।
यह हादसा एक सीख भी है और एक प्रेरणा भी। सीख यह कि हमें सुरक्षा मानकों के प्रति हमेशा सजग रहना चाहिए ताकि ऐसे हादसे दोबारा न हों। और प्रेरणा यह कि चाहे समाज में कितनी भी कड़वाहट फैलाने की कोशिश की जाए, संकट के समय हमारी सामूहिक इंसानियत हमेशा विजयी होगी। उन सभी गुमनाम नायकों को सलाम, जिन्होंने उस काली सुबह दिल्ली को पूरी तरह से झुलसने से बचा लिया और मानवता की लौ को प्रज्वलित रखा।