Breaking News

Prakash parv गुरु सिंह सभा ने किया प्रचार रथ का शुभारंभ ,शहर में निकलेगा नगर कीर्तन

Ghaziabad गाजियाबाद (3जनवरी2026) दशमेश पिता साहिब श्री गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर 4 जनवरी 2026 को शहर में विशाल नगर कीर्तन निकाला जा रहा है। इस भव्य आयोजन की तैयारियों के चलते विभिन्न गुरुद्वारों के प्रधानों और पदाधिकारियों ने अरदास के पश्चात ‘प्रचार रथ’ को केसरिया निशान साहिब दिखाकर रवाना किया। यह रथ अगले तीन दिनों तक पूरे शहर में संगत को इस पावन पर्व का निमंत्रण देगा।

गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह टीटू ने दशमेश पिता के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश और धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि गुरु गोविंद सिंह जी के आदेशानुसार हमारे गुरु केवल श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी हैं और हम किसी देहधारी मनुष्य को गुरु नहीं मानते।

महासचिव एस.पी. सिंह ओबेराय ने बताया कि पिछले कई दशकों से गुरुद्वारा सिंह सभा द्वारा आयोजित यह नगर कीर्तन गाजियाबाद की सभी गुरुद्वारा कमेटियों और शहरवासियों के तन-मन-धन के सहयोग से एक विशाल रूप लेता है। इस अवसर पर श्रद्धालू विभिन्न प्रकार के लंगर और स्टॉल लगाएंगे।

सचिव कुलविंदर सिंह ओबेराय ने  जानकारी देते हुए बताया कि नगर कीर्तन बजरिया गुरुद्वारा घंटाघर से दिल्ली गेट हापुड़ रोड गुरुद्वारा, पुराना बस अड्डा कालका गढ़ी, मालीवाड़ा चौधरी मोड़ गांधीनगर में समापन होगा।

शुरुआत में राजनीतिक, धार्मिक और सामाजिक क्षेत्र की हस्तियों व प्रशासनिक अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा।
नगर कीर्तन की अगुवाई पंज प्यारे करेंगे।

इस यात्रा के दौरान सेवादार मार्ग पर झाड़ू लगाकर और जल छिड़काव कर सेवा करेंगे। सबसे पीछे भव्य पालकी साहिब में गुरु ग्रंथ साहिब जी विराजमान होंगे, जिनके पीछे संगत कीर्तन करती चलेगी।

इस मौके पर कुलविंदर ओबेरॉय, जगमोहन कपूर, अमन, जितेंद्र काला, हरविंदर वीर (अर्जुन नगर), भूपिंदर कालरा (सी-ब्लॉक), कुलवंत सिंह, जसबीर सिंह बत्रा, हरविंदर सिंह (गांधीनगर), रविन्दर सिंह सगू (शिवमपुरी), मंजीत सिंह सेठी, सोहल साहब, परमजीत सिंह, नन्दा साहब (जगदीश नगर) और जुगिंदर सिंह बग्गू सहित भारी संख्या में सेवादार मौजूद थे।

About The Author

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *