ghaziabad गाजियाबाद (16 अगस्त, 2025) उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (मत्स्य विभाग) और निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद ने गाजियाबाद का दौरा किया। उन्होंने यहाँ एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तर प्रदेश को देश में मत्स्य पालन के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही हैं।
इनमें कुछ प्रमुख योजनाएँ: प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना और मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (मत्स्य पालन के लिए), मत्स्य पालक कल्याण कोष, जिसके तहत मछुआरों को चिकित्सा, शिक्षा, और नाव-जाल खरीदने जैसी कई तरह की आर्थिक सहायता दी जा रही है।, प्रधानमंत्री मछुआ दुर्घटना बीमा योजना।
डॉ. निषाद ने बताया कि निषाद पार्टी का 10वाँ स्थापना दिवस और राष्ट्रीय अधिवेशन 20 अगस्त, 2025 को नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में होगा। इस अधिवेशन में पार्टी की नई समितियों का गठन किया जाएगा और बिहार विधानसभा चुनावों के लिए रणनीति पर चर्चा होगी। साथ ही, उत्तर प्रदेश के आगामी पंचायत चुनावों में पार्टी के अकेले लड़ने का प्रस्ताव भी पारित किया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि मझवार, तुरैहा, और तरमालीपासी जैसी 17 उपजातियों को अनुसूचित जाति की सूची में शामिल करने की पुरानी मांग को एक बार फिर से केंद्र और राज्य सरकारों के सामने रखा जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य ही मछुआ समुदाय को आरक्षण दिलाना है ताकि वे विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकें।