आने वाली 17वीं लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इस घोषणा पत्र के जरिए कांग्रेस ने चुनाव जीतने के लिए गरीबी का मास्टर स्ट्रोक खेला है। कांग्रेस ने अपने इस घोषणा पत्र को जन आवाज का नाम दिया है।
कांग्रेस द्वारा जारी किए गए इस घोषणा पत्र में 5 थीम है। राहुल ने बीजेपी के 15 लाख वाले वादे पर तंज कसते हुए कहा कि हमारे घोषणा पत्र में पहली थीम न्याय है। हम गरीबों के खाते में 72 हजार रुपए हर साल और 5 साल में 3 लाख 60,000 देंगे। राहुल ने इसका नाम गरीबी पर वार 72 हजार दिया और कहा हमारा पहला कदम न्याय का कदम है।
राहुल गांधी ने कहा 2020 तक सभी सरकारी पदों पर न्यूक्तियां हो जाएंगी। राहुल ने आगे कहा 10 लाख युवाओं को ग्राम पंचायत में रोजगार दिया जाएगा। इसके साथ ही युवाओं के बिजनेस खोलने के लिए किसी मंजूरी की जरुरत नहीं है और बैंक के दरवाज़े उनके लिए खोल दिए जाएंगे। राहुल गांधी ने कहा कि मनरेगा में 100 की जगह 150 दिनों के रोजगार की गारंटी दी जाएगी।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि रेलवे की तरह किसानों का एक अलग सुरक्षित बजट होगा। किसानों के कर्ज की समस्या को निपटाने के लिए राहुल ने कहा कि यदि कोई किसान कर्जा नहीं लौटा पाता है तो उसके ऊपर कोई आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं होगा बल्कि उसे सिविल अफेंस माना जाएगा।
कांग्रेस के घोषणा पत्र में शिक्षा पर GDP का 6 % खर्च होगा। स्वास्थ्य को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि हम प्राइवेट इंश्योरेंस आधारित स्वास्थ्य स्कीमों पर भरोसा नहीं करते हैं। राहुल गांधी ने सुरक्षा के मुद्दे पर कहा कि राष्ट्रीय और आंतरिक सुरक्षा पर भी हमारा खासा जोर है।