फायर सेफ्टी पर लापरवाही के चलते 5 कोचिंग सेंटर सील
Greno
ग्रेटर नोएडा( 25 जुलाई 2026) छात्र सुरक्षा को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और अग्निशमन विभाग का शहर के कोचिंग सेंटरों पर कड़ा रुख जारी है। संयुक्त टीम ने अल्फा कॉमर्शियल बेल्ट (ट्रेडेक्स टावर वन व ओम टावर) के 13 कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी उपकरणों का सरप्राइज़ विज़िट किया। इस दौरान मानकों की अनदेखी और सुरक्षा उपकरण न मिलने पर 5 प्रमुख कोचिंग संस्थानों को मौके पर ही सील कर दिया गया।
क्यों हुई कार्रवाई?
इन सील किए गए संस्थानों को पहले हुई जांच में फायर सेफ्टी उपकरण लगाने के लिए दो सप्ताह का समय दिया गया था। चेतावनी के बावजूद सुधार न करने पर यह कार्रवाई की गई, प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम, प्रबंधक स्वतंत्र वर्मा, सहायक प्रबंधक कुलदीप शर्मा और फायर सेफ्टी ऑफिसर अजय कुमार की टीम ने यह कार्रवाई की।
राहत व समय सीमा कुछ संस्थानों में 80-90% काम पूरा मिलने पर उन्हें 2-3 दिन का अतिरिक्त समय दिया गया है। वहीं पहली बार जांच के दायरे में आए सेंटरों को भी मानक पूरे करने की हिदायत दी गई है।
शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने सभी कोचिंग संस्थानों से तत्काल फायर सेफ्टी उपकरण लगवाने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले संस्थानों पर भविष्य में भी बिना किसी रियायत के सीलिंग जैसी कठोर कार्रवाई की जाएगी।