
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में कई बार मंत्री रहे राजपाल त्यागी का शुक्रवार को निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। यशोदा अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर के बाद गाजियाबाद में शोक छा गया है। उनके सम्बन्धी व चाहने वाले अस्पताल पहुंच गए हैं। उनके पुत्र अजित पाल त्यागी मुरादनगर के विधायक हैं।
राजपाल त्यागी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे।
राजपाल त्यागी की गिनती एक मजबूत राजनीतिज्ञ के रूप में होती थी। वह कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भी रहे। इसके अलावा मुरादनगर विधान सभा से कई बार विधायक निर्वाचित हुए थे। वह कांग्रेस के साथ समाजवादी पार्टी व बहुजन समाज पार्टी में रहे। फिलहाल वह बीमार चल रहे थे।
दिवंगत श्री त्यागी का पार्थिव शरीर 1:00 बजे सी 29 लोहिया नगर लाया जाएगा। अंतिम संस्कार आज शाम 4 बजे हिंडन घाट मोक्ष स्थली में किया जाएगा।
उधर राजपाल त्यागी के निधन पर राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक सम्वेदनाएं प्रेषित की है। पूर्व सांसद व जनता दल के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने अपनी शोक सम्वेदनाओं में उन्हें सच्चा जनसेवक बताया। उन्होंने कहा कि अपने राजनीतिक जीवन मे राजपाल त्यागी आम जनता से जुड़े रहे। उनका निधन राजनीतिक क्षेत्र में अपूरणीय नुकसान है ।
पूर्व मंत्री बालेश्वर ने भी राजपाल त्यागी के निधन पर दुख व्यक्त किया।
भाजपा नेता वेद प्रकाश गर्ग खादी वालों ने राजपाल त्यागी को सच्चा जनसेवक बताया। उन्होंने कहा है कि राजपाल त्यागी के रूप में एक सच्चा जनसेवक चला गया।