ghaziabad
गाजियाबाद (26 जनवरी2026) भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर गाजियाबाद प्रशासन और शहरवासियों का देशभक्ति का अनूठा जज़्बा देखने को मिला। जिले के सरकारी कार्यालयों से लेकर पुलिस लाइन्स तक, हर तरफ तिरंगा शान से लहराया। मुख्य कार्यक्रम रिजर्व पुलिस लाइन्स और कलेक्ट्रेट में आयोजित किए गए, जहाँ भव्य परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने नागरिकों में जोश भर दिया।
पुलिस लाइन्स में शौर्य प्रदर्शन
रिजर्व पुलिस लाइन्स में आयोजित मुख्य समारोह में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
भव्य परेड पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद की विभिन्न टुकड़ियों ने परेड में हिस्सा लेकर अपने शौर्य और अनुशासन का प्रदर्शन किया, इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
शपथ ग्रहण: पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ ने उपस्थित सभी पुलिसकर्मियों को संविधान में उल्लिखित संकल्प की शपथ दिलाई। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया।
जिलाधिकारी ने जगाई कर्तव्य की भावना
जिला मुख्यालय पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में उपस्थित जनसमूह को संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई।
केडीबी स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर सुंदर प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। जिलाधिकारी ने बच्चों और शिक्षकों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा, “1950 में संविधान लागू होने के बाद से भारत ने जो उपलब्धियां हासिल की हैं, उन पर हमें गर्व है। अब राष्ट्रीय पर्व केवल औपचारिकता नहीं रह गए हैं, बल्कि ये नागरिकों को उनके कर्तव्यों और देश के प्रति जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का माध्यम बन गए हैं।”
नगर निगम और जीडीए ने भी दिखाया उत्साह
गणतंत्र दिवस का उल्लास जिले के अन्य प्रमुख संस्थानों में भी दिखाई दिया
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA): उपाध्यक्ष नन्दकिशोर कलाल ने ध्वज फहराया और विकास के संकल्प को दोहराया।