नई दिल्ली (25सितंबर2015)पं दीन दयाल उपाध्याय के वर्ष भर चलने वाले शताब्दी समारोहों का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। लोक सभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने आल नई दिल्ली में नेहरू स्मारक संग्रहालय और पुस्तकालय में पंडित दीन दयाल उपाध्याय के जयंती समारोह का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सुमित्रा महाजन ने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय का जीवन सभी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि दीन दयाल उपाध्याय ने जीवन दर्शन के विविध पहलुओं पर प्रकाश डाला जिसमें मानव व समाज के प्रति संवेदनशीलता शामिल है। श्रीमती सुमित्रा महाजन ने बल दिया कि सामाजिक अछूत बुराई है लेकिन राजनीतिक अछूत तो और भी अधिक खतरनाक है। दुनिया भारत की तरफ देख रही है क्योंकि हम विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र हैं इसलिए हमें जीवन में अपने आचरण पर निगरानी रखनी चाहिए।
इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों पर काम कर रही है। राजनाथ सिंह कहा कि उनका जीवन दर्शन मानवता एवं अंत्योदय है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय दीन दयाल उपाध्याय की राजनीतिक और आर्थिक विचारधारा का बुनियादी सिद्धांत है। सरकार उनके सिद्धांतों का पालन करने और यह सुनिश्चित करने का पूरा प्रयास कर रही है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक वृद्धि और विकास का फायदा पहुंचे ।